- गांधी पार्क और जिला कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जुटे कार्यकर्ता
रुद्रपुर । भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और देश की एकता एवं अखंडता के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान देने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को भाजपाईयों ने गांधी पार्क तथा भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान की व्यवस्था के विरोध में उन्होंने जो संघर्ष किया, वह भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। राष्ट्रहित के लिए उनका त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी केवल एक राजनेता ही नहीं बल्कि महान शिक्षाविद, दूरदर्शी चिंतक और राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके विचार आज भी देश को सशक्त, आत्मनिर्भर और एकजुट बनाने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज जिस वैचारिक आधार पर आगे बढ़ रही है, उसकी मजबूत नींव डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महान नेताओं ने रखी थी। उनके आदर्शों और सिद्धांतों को जन जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्षों और राष्ट्रसेवा के विभिन्न आयामों पर चर्चा की। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने, राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, भारत भूषण चुघ, सुरेश परिहार,परवेस खान,राकेश सिंह, अनिल चौहान, विवेक सक्सेना,हिमांशु शुक्ला, योगेश वर्मा, बिट्टू चौहान,कार्यक्रम सह संयोजक प्रमोद मित्तल विजय तोमर, रचित सिंह ,मोर सिंह, सुरेंदर चौधरी,शालिनी बोरा,सुनील ठुकराल, सुनील सिंह,प्रीति धीर, ममता जीना, अर्चना सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
