IMG-20260623-WA0039
  • नकदी, जेवरात और घरेलू सामान समेत लाखों की संपत्ति खाक; दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

रुद्रपुर। खानपुर पूर्व क्षेत्र के ग्राम शिवपुरी में मंगलवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने दो परिवारों को भारी नुकसान पहुंचाया। आग लगने से दो कच्चे मकान जलकर पूरी तरह राख हो गए। हादसे के दौरान घर में रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे उसके टुकड़ों की चपेट में आकर एक ग्रामीण घायल हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय दोनों परिवारों के सदस्य काम पर गए हुए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम शिवपुरी निवासी श्रुति शिकारी पत्नी मिथुन शिकारी और दर्शन दास पुत्र सुनील दास के घर अगल-बगल स्थित हैं। मंगलवार सुबह अचानक एक घर में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और दूसरे घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटों पर काबू नहीं पाया जा सका।

इसी बीच घर में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट के कारण उड़कर आए लोहे के टुकड़ों से एक ग्रामीण घायल हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अग्निकांड में दोनों परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। श्रुति शिकारी के घर में रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। वहीं दर्शन दास के घर में रखी 20 हजार रुपये की नकदी, लगभग एक लाख रुपये मूल्य के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।

घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी संजय ठुकराल और क्षेत्र पंचायत सदस्य कमलेश मिस्त्री मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया, आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

error: Content is protected !!