- बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की तलाशी, होटल-ढाबों और संवेदनशील स्थलों पर बढ़ाई गई निगरानी
रुद्रपुर। देहरादून में प्रस्तावित VVIP कार्यक्रम को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देश पर शुक्रवार को पूरे जनपद में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वयं मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने और चेकिंग अभियान का नेतृत्व करने के निर्देश दिए गए थे।
एसएसपी के निर्देशों के अनुपालन में सुबह 8 बजे से 11 बजे तक जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रमुख चौराहों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, संवेदनशील स्थानों तथा बॉर्डर क्षेत्रों में पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर आने-जाने वाले वाहनों की गहन तलाशी ली गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस टीमों ने होटल, ढाबों, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं एवं अन्य ठहराव स्थलों की भी जांच की। चेकिंग के दौरान वहां ठहरे लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया तथा संचालकों को आगंतुकों का पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को बिना सत्यापन के ठहरने की अनुमति न दी जाए।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधीनस्थ कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि VVIP कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी एवं चेकिंग अभियान जारी रहेंगे।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। VVIP कार्यक्रम को लेकर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और सतर्क है।
