IMG-20260612-WA0042
  • पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की पहल पर अधिकारियों ने लिया जायजा, हाईकोर्ट में विचाराधीन मामले पर शासन और न्याय विभाग से राय लेने की तैयारी

रुद्रपुर। वार्ड संख्या 25 के अंतर्गत संपूर्ण फाजलपुर महारौला क्षेत्र को सीलिंग के दायरे में शामिल किए जाने से उत्पन्न समस्याओं के समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर अधिकारियों की संयुक्त टीम ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने अधिकारियों के समक्ष क्षेत्रवासियों की समस्याएं प्रमुखता से उठाईं और शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने बताया कि फाजलपुर महारौला के अंतर्गत तराई विहार, प्रीत विहार, प्रीत विहार फेज-5, लोक विहार, बराड़ नगर, अपना एन्क्लेव और अपना एन्क्लेव फेज-2 समेत कई कॉलोनियों के निवासी सीलिंग के कारण गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

ठुकराल ने कहा कि लोग अपनी भूमि और भूखंडों की खरीद-फरोख्त नहीं कर पा रहे हैं। रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज पर प्रभाव पड़ने के साथ ही नए बिजली और पानी के कनेक्शन भी नहीं मिल रहे हैं, जिससे क्षेत्र का विकास प्रभावित हो रहा है और लोग मानसिक तनाव झेल रहे हैं।

जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (नजूल) पंकज उपाध्याय, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता राजीव चक्रवर्ती, के.के. पंत सहित अन्य अधिकारी फाजलपुर स्थित लोक विहार कॉलोनी पहुंचे और स्थानीय नागरिकों से संवाद किया।

अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि मामला वर्तमान में उच्च न्यायालय में विचाराधीन है तथा न्यायालय द्वारा स्थगनादेश भी दिया गया है। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर संबंधित अधिकारियों से वार्ता करने के साथ ही न्याय विभाग से विधिक राय ली जाएगी, ताकि नियमानुसार क्षेत्रवासियों को राहत देने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।

error: Content is protected !!