murder2

प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत, परिवार वालों पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप, दोस्त गंभीर घायल

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक प्रेम कहानी का अंत ऐसा हुआ कि एक परिवार का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया। आरोप है कि प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को लड़की के परिजनों ने पकड़ लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ गया दोस्त गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के अनुसार मृतक कीर्तन का खोलगढ़ गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 12 से 12रू30 बजे के बीच युवती के फोन आने के बाद कीर्तन अपने दोस्त दिवाकर के साथ उससे मिलने के लिए निकला था। लेकिन वहां पहुंचने के बाद जो हुआ, उसने पूरे क्षेत्र को हिला दिया।

परिजनों का आरोप है कि युवती के परिवार के लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। पिटाई में कीर्तन की हालत बिगड़ गई, जबकि उसका दोस्त दिवाकर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कीर्तन को सीएचसी चौंड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल दिवाकर का जिला अस्पताल बौराड़ी में उपचार चल रहा है।

“गलती थी तो पुलिस को सौंप देते… जान लेने का अधिकार किसने दिया?”

कीर्तन की मौत के बाद परिवार का दर्द और गुस्सा सामने आया है। परिजनों का कहना है कि अगर युवक से कोई गलती हुई थी तो उसे पुलिस के हवाले किया जा सकता था, परिवार को बुलाया जा सकता था, लेकिन कानून हाथ में लेकर किसी की जिंदगी खत्म करने का अधिकार किसी को नहीं है।

जाति का एंगल भी आया सामने

मामले में यह बात भी सामने आई है कि मृतक युवक अनुसूचित जाति से था, जबकि युवती सामान्य वर्ग से है। इस पहलू को देखते हुए पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने मामले में युवती के पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह के अनुसार शुरुआती जांच में मामला हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

एक मुलाकात, जो शायद दो दिलों को जोड़ने के लिए थी… अब एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई है।

error: Content is protected !!