- दादा गुरु भरव नाथ महाराज के जन्मोत्सव पर जुटे हजारों श्रद्धालु, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने लिया संतों का आशीर्वाद
रुद्रपुर। संपतपुर स्थित श्री प्रेम आश्रम धाम में गुरु गायत्री नाथ महाराज के सानिध्य में आयोजित 72वां वार्षिक विशाल जागरण, हवन-पूजन एवं भंडारा श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हो गया। दादा गुरु श्री श्री 1008 भरव नाथ महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की तथा गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न कराया गया। साथ ही कई दिनों से चल रहे श्रीमद्भागवत कथा भक्ति ज्ञान यज्ञ का भी विधिवत समापन हुआ। कथा समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने धर्म, भक्ति और मानव कल्याण से जुड़े संदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी प्रेम आश्रम धाम पहुंचे और गुरु गायत्री नाथ महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कथा व्यास स्वामी राम जी दास विशिष्ठ जी महाराज का सम्मान करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया।
राजकुमार ठुकराल ने कहा कि संत-महापुरुष समाज को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और मानव सेवा की प्रेरणा भी देते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे, सद्भाव और संस्कारों को मजबूत बनाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि संतों का सानिध्य जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है और समाज को नैतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में प्रेम आश्रम धाम न्यास समिति के अध्यक्ष जगदीश सुखीजा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
