- रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज, बिजली और पानी के नए कनेक्शनों पर लगी रोक हटाने की मांग, क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों की अनदेखी का लगाया आरोप
रुद्रपुर। वार्ड नंबर 25 फाजलपुर मेहरौला के दर्जनों नागरिकों ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में लोक विहार कॉलोनी, बराड़ नगर एवं अपना एंक्लेव में व्याप्त समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदोरिया तथा अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय से कलेक्ट्रेट में भेंट कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने कॉलोनियों में वर्षों से चली आ रही समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने बताया कि उक्त कॉलोनियों में मकानों की रजिस्ट्री एवं दाखिल-खारिज होने के बावजूद वर्ष 2018 में जिलाधिकारी के आदेश के तहत खरीद-फरोख्त पर रोक लगा दी गई थी। इसके साथ ही रजिस्ट्री, नए विद्युत संयोजन तथा जल संयोजन पर भी प्रतिबंध लगाया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ठुकराल ने कहा कि सरकारी तंत्र और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के चलते वार्ड नंबर 25 फाजलपुर मेहरौला के निवासी नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम रुद्रपुर का हिस्सा होने के बावजूद यह क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों से वंचित है। क्षेत्रवासियों को मानसिक, सामाजिक और आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने तथा रजिस्ट्री एवं अन्य प्रतिबंधों को हटाने की मांग की। साथ ही क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान राजवीर सिंह, गुरमीत सिंह, तरसेम सिंह, डॉ. पी.पी. यादव, एस.एस. यादव, विजय दानी, मनवीर सिंह, बिक्रमजीत सिंह, शाकिर अली (सज्जू), पीयूष शर्मा, बलविंदर सिंह, सुखदेव सिंह, गिरजा शंकर पांडे, हरप्रीत सिंह, वैभव, देवेंद्र सिंह, यश पाठक, चंकीरत सिंह, हर्ष रावल, बलवीर सिंह, वीरेंद्र सिंह, राजेंद्र प्रसाद, सुखदेव सिंह चंदी, कुलदीप सिंह, चंदन सिंह रौतेला, महेश जोशी, प्रभाकर पांडे, संदीप वर्मा, हरजीत सिंह, लखविंदर सिंह, ललित सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
