- दोबारा पोस्टमार्टम, युवक की मौत पर पिता ने जताया हत्या का शक, न्यायालय पहुंची इंसाफ की लड़ाई
काशीपुर।उधम सिंह नगर के काशीपुर में एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में अब कब्र में दफन राज से पर्दा उठाने की तैयारी शुरू हो गई है। नैनीताल हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने दफनाए गए शव को कब्र से बाहर निकलवाकर दोबारा पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है। पूरी कार्रवाई पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की निगरानी में कराई गई। इस दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
मामला काशीपुर के कटोराताल क्षेत्र से जुड़ा है। मृतक के पिता इमरान ने अपने बेटे की मौत को सामान्य न मानते हुए हत्या की आशंका जताई थी और इंसाफ की गुहार लेकर नैनीताल हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। याचिका के मुताबिक बीती 16 मई को इमरान का बेटा घर की छत पर मृत अवस्था में मिला था। परिजनों के अनुसार मौके पर फर्श और चादर पर खून पड़ा हुआ था। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और अंतिम संस्कार करते हुए शव को दफना दिया गया था। लेकिन परिजनों को मौत की परिस्थितियों को लेकर संदेह बना रहा। पिता इमरान का दावा था कि बेटे के कान के नीचे चोट के निशान थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका हुई। इसी आधार पर उन्होंने शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग उठाई।
हाईकोर्ट ने दिए कब्र से शव निकालने के आदेश
मामले की सुनवाई करते हुए नैनीताल हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की एकलपीठ ने शव को कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए।
कोर्ट ने सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के डॉक्टरों का पैनल गठित कर पोस्टमार्टम कराने और जांच रिपोर्ट न्यायालय में पेश करने के आदेश दिए हैं। मामले में अगली सुनवाई 15 जून को होनी है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खुलवाई गई कब्र
न्यायालय के आदेश के बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने पूरी तैयारी के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत अधिकारियों की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी मौके पर जरूरी निरीक्षण किया। उप जिलाधिकारी काशीपुर अभय प्रताप सिंह ने बताया कि पूरी कार्रवाई नियमानुसार कराई गई है। प्रक्रिया के दौरान वीडियोग्राफी कराई गई और सभी कानूनी औपचारिकताओं का पालन किया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज
शव को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लेकर हल्द्वानी भेज दिया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों का पैनल दोबारा पोस्टमार्टम करेगा। माना जा रहा है कि नई रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह और परिस्थितियों को लेकर अहम जानकारी सामने आ सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट जांच की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित होगी। यदि रिपोर्ट में कोई संदिग्ध तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई होगी। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही हैं और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके और न्यायिक प्रक्रिया को मजबूती मिले।
