निवेदिता कुकरेती बनीं IG कुमाऊं, कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

देहरादून। उत्तराखंड में शासन स्तर पर अधिकारियों के तबादलों का दौर जारी है। लंबे समय से इंतजार की जा रही तबादला सूची आखिरकार जारी कर दी गई है। शासन ने इस बार भारतीय पुलिस सेवा (IPS), प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) के साथ ही पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। नई सूची में कई वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया गया है।

IPS अधिकारियों के दायित्वों में बड़ा बदलाव

तबादला सूची के अनुसार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी निवेदिता कुकरेती को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए पुलिस महानिरीक्षक (IG) कुमाऊं परिक्षेत्र बनाया गया है। अब तक यह जिम्मेदारी संभाल रहीं रिद्धिम अग्रवाल को अब पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं आईपीएस अधिकारी विम्मी सचदेवा को पुलिस महानिरीक्षक पुलिस दूरसंचार एवं फायर सर्विस का दायित्व सौंपा गया है। कृष्ण कुमार वीके को पुलिस महानिरीक्षक यातायात बनाया गया है, जबकि अनंत शंकर ताकवाले को पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा सुनील कुमार मीणा को पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक एवं पीएसी, योगेंद्र सिंह रावत को पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ और वरिंदरजीत सिंह को पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय बनाया गया है। आईपीएस अधिकारी आयुष अग्रवाल को सेनानायक 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नीलेश आनंद भरणे की जिम्मेदारी में बदलाव

इस तबादला सूची में आईपीएस अधिकारी नीलेश आनंद भरणे की जिम्मेदारियों में बदलाव देखने को मिला है। उनसे सचिव पुलिस और स्पोर्ट्स कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी वापस ली गई है।

इन अधिकारियों को भी मिली नई तैनाती

शासन की ओर से जारी आदेश के तहत हरीश वर्मा को सेनानायक आईआरबी प्रथम बनाया गया है। अमित श्रीवास्तव को पुलिस अधीक्षक सीआईडी देहरादून और जितेंद्र चौधरी को पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।

PCS अधिकारियों की जिम्मेदारी भी बदली

पीसीएस अधिकारियों में भी शासन ने बदलाव किया है। देहरादून के सिटी मजिस्ट्रेट रहे प्रत्यूष सिंह को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है। वहीं राकेश तिवारी को देहरादून का नया सिटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें संयुक्त सचिव मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। गोपाल सिंह बिनवाल को रुड़की नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है।

PPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी

प्रांतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों में भी कई बदलाव किए गए हैं। वीर सिंह को उपसेनानायक आईआरबी प्रथम, लोग जीत सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा विमल आचार्य को उपसेनानायक 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रप्रयाग, शांतनु पाराशर को अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम और अंकुश मिश्रा को अपर पुलिस अधीक्षक अभिसूचना बनाया गया है।

error: Content is protected !!