IMG-20260605-WA0051
  • देहरादून के चर्चित अजय भटेजा हत्याकांड से उठा पर्दा, 50 हजार के इनामी आरोपी तक पहुंची पुलिस
  • सुपारी देकर कराई गई थी हत्या, शार्प शूटर और उसकी प्रेमिका पहले ही जा चुके हैं जेल

देहरादून। राजधानी देहरादून के चर्चित अजय भटेजा हत्याकांड में आखिरकार पुलिस ने करीब एक साल बाद बड़ी सफलता हासिल कर ली है। थाना राजपुर क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात के कथित मास्टरमाइंड और 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमित भटेजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि संपत्ति विवाद के चलते इस पूरी वारदात की साजिश रची गई थी। आरोप है कि अमित भटेजा ने अपने ही सौतेले भाई अजय भटेजा को रास्ते से हटाने के लिए सुपारी देकर हत्या कराई थी। इस मामले में हत्या को अंजाम देने के आरोप में पुलिस इससे पहले उत्तर प्रदेश के शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी और उसकी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

जाखन स्थित घर में हुई थी अजय भटेजा की हत्या

मामला 26 मई 2025 का है। जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके ममेरे भाई अजय भटेजा की जाखन स्थित आवास पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वारदात की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना राजपुर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। लंबी जांच और सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने 19 मई 2026 को घटना को अंजाम देने के आरोपी मुजफ्फरनगर निवासी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया।

शूटर से पूछताछ में खुला हत्या की साजिश का राज

पुलिस पूछताछ में राजन उर्फ जैकी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि अजय भटेजा के सौतेले भाई अमित भटेजा के कहने पर उसने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार 25 मई 2025 को दोनों ने जाखन स्थित घर में अजय भटेजा की तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी थी और इसके बाद मौके से फरार हो गए थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने फरार चल रहे अमित भटेजा और हुमेरा उर्फ जोया पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद 23 मई 2026 को पुलिस टीम ने हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया।

न्यायालय पहुंचने से पहले पकड़ा गया 50 हजार का इनामी

दोनों आरोपियों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस लगातार अमित भटेजा की तलाश कर रही थी। पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरी-छिपे अपने वकील से मिलने देहरादून न्यायालय पहुंच सकता है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने जिला न्यायालय के बाहर से 50 हजार के इनामी अमित भटेजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आरोपी के पास मिले बैग से कुछ संपत्तियों और वाहनों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

करोड़ों की संपत्ति बनी रिश्तों में दरार की वजह

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार जांच में सामने आया कि मृतक अजय भटेजा के पास देहरादून और मसूरी में कई संपत्तियां थीं। इन संपत्तियों में आरोपी के पिता का पैसा भी लगा हुआ था। पुलिस के मुताबिक अमित भटेजा अपने सौतेले भाई अजय से कई बार संपत्ति में हिस्सा मांग चुका था, लेकिन हिस्सा नहीं मिलने से वह नाराज था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते उसने अजय को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

मसूरी के कॉटेज में बनी थी हत्या की योजना

पुलिस जांच में सामने आया कि 23 मई 2025 को अमित भटेजा, राजन उर्फ जैकी, उसकी प्रेमिका हुमेरा और एक अन्य व्यक्ति के साथ अजय भटेजा का मसूरी स्थित कॉटेज देखने गया था। आरोप है कि इसी दौरान अमित ने राजन को अजय की हत्या के बदले जाखन स्थित संपत्ति में आधा हिस्सा देने का लालच दिया। साथ ही सहारनपुर के नकुड़ गोलीकांड मामले में मदद करने का भरोसा भी दिया। इसके बाद राजन हत्या के लिए तैयार हो गया और योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया गया।

हत्या के बाद उठाए संपत्ति के दस्तावेज

पुलिस के मुताबिक हत्या के अगले दिन अमित भटेजा मौका देखकर अजय के कमरे में पहुंचा और वहां रखे प्रॉपर्टी से जुड़े कागजात व अन्य दस्तावेज अपने साथ ले गया। राजन और हुमेरा की गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस जांच में अमित का नाम सामने आया तो वह फरार हो गया था। आखिरकार लगातार दबिश और निगरानी के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड के खुलासे के बाद पुलिस अब बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

error: Content is protected !!