IMG-20260603-WA0079
  • दो घंटे तक मुर्गीबाड़े में मचा रहा हड़कंप, 50 मुर्गियों के बीच घुसकर गुलदार ने किया हमला, वन विभाग ने ट्रेंकुलाइज कर किया रेस्क्यू

पौड़ी। उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में गुलदार और इंसानों के बीच बढ़ता आमना-सामना लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। इसी बीच पौड़ी जिले के थलीसैंण क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शिकार की तलाश में आया एक गुलदार खुद ही मुसीबत में फंस गया।

 

सुबह एक गुलदार मुर्गियों का शिकार करने के लिए एक मुर्गीबाड़े में घुस गया। अंदर पहुंचते ही गुलदार ने मुर्गियों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि मुर्गीबाड़े में करीब 50 मुर्गियां मौजूद थीं, जिनमें से गुलदार ने करीब 10 मुर्गियों को अपना शिकार बना लिया।

 

लेकिन इसी दौरान कुछ ऐसा हुआ कि जंगल का यह शिकारी खुद ही कैद होकर रह गया। मुर्गीबाड़े में अंदर घुसने के बाद गुलदार बाहर निकलने का रास्ता नहीं खोज पाया और करीब दो घंटे तक वहीं फंसा रहा।

 

अंदर गुलदार की हलचल और मुर्गियों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों को कुछ अनहोनी का अंदेशा हुआ। जब लोग मौके पर पहुंचे और अंदर झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। मुर्गीबाड़े के अंदर गुलदार मौजूद था। इसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

 

गुलदार भी बाहर निकलने की कोशिश में लगातार इधर-उधर भागता रहा, लेकिन रास्ता नहीं मिलने के कारण वह अंदर ही फंसा रहा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।

 

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा को देखते हुए सबसे पहले लोगों को घटनास्थल से दूर किया गया। इसके बाद टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

 

वन विभाग की टीम के मुताबिक गुलदार को सुरक्षित कब्जे में लिया गया है। घटना के बाद जहां ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, वहीं लंबे समय तक यह अनोखा मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

error: Content is protected !!