FB_IMG_1780484090252
  • ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा-सुविधा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
  • देशभर से आए यात्रियों से लिया फीडबैक, रजिस्ट्रेशन, स्वास्थ्य जांच और आवास व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर चारधाम यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों के पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आवास एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में श्रद्धालुओं के लिए बनाई गई पंजीकरण व्यवस्था की जानकारी ली और निर्देश दिए कि किसी भी श्रद्धालु को रजिस्ट्रेशन के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने बढ़ती गर्मी को देखते हुए कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने तथा पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

 

उन्होंने अधिकारियों को बेहतर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद करते हुए उन्हें अपने स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं का “अतिथि देवो भव:” की भावना के साथ स्वागत किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से भी बातचीत कर यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आवास और अन्य सुविधाओं को संतोषजनक बताते हुए व्यवस्थाओं की सराहना की।

 

कई बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात कर उन्हें आशीर्वाद दिया तथा चारधाम यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का कुशलक्षेम जाना और उन्हें सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

error: Content is protected !!