- किच्छा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार और 2 बाल अपचारी संरक्षण में; एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में लगातार कार्रवाई जारी
रुद्रपुर/किच्छा। ऊधम सिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में हुए चर्चित विक्रांत उर्फ बागी हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी बंटी ठाकुर उपचाराधीन है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 की शाम महराया रोड, लालपुर में विक्रांत उर्फ बागी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। उसे पहले अमृत अस्पताल और बाद में सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक की परिजन श्रीमती कंचन की तहरीर पर थाना किच्छा में मुकदमा दर्ज किया गया। विक्रांत की मौत के बाद मामले में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने पहले 26 जून को वरुण कुमार और सुशील को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 27 जून को दीपक और विजय प्रताप को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है और फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
