- एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर रुद्रपुर पुलिस की बॉर्डर चेकिंग में बड़ी सफलता, दोनों आरोपियों से दो देशी तमंचे व दो जिंदा कारतूस बरामद
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए विक्रांत बागी हत्याकांड में प्रकाश में आए दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश भागने से पहले गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर देशी तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रुद्रपुर कोतवाली पुलिस बॉर्डर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि किच्छा के चर्चित विक्रांत बागी हत्याकांड में नामजद सिप्पी सागर उर्फ राजीव सागर और अंकित सागर उर्फ गट्टी बाइक से उत्तर प्रदेश फरार होने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने ब्लॉक रोड पर घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी में सिप्पी सागर के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस, जबकि अंकित सागर के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा बरामद हुआ।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे पहले भी हत्या के प्रयास समेत कई मामलों में जेल जा चुके हैं। विक्रांत बागी हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश भाग रहे थे। पुलिस के अनुसार दोनों सोशल मीडिया पर आपराधिक गतिविधियों से जुड़े वीडियो भी अपलोड करते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही हत्याकांड में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश और पूछताछ जारी है।
