IMG-20260914-WA0062
  • छीने गए 5 मोबाइल फोन बरामद, वारदात में इस्तेमाल बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ली

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोबाइल फोन झपटमारी की घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से छीने गए 5 मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को राजेंद्र निषाद उर्फ मोनू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सिडकुल ढाल, परशुराम चौक के पास फोन पर बात करते समय बाइक सवार दो युवकों ने उनका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। मामले में ट्रांजिट कैंप थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक जितेंद्र खत्री को सौंपी गई थी।

जांच के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल झपटमारी में शामिल दो युवक बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक से गंगापुर रोड स्थित पानी वाली मंदिर के आसपास घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर राजपूत उर्फ खत्री (19 वर्ष) और रामकिशन उर्फ रामू (19 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 5 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें एक मोबाइल की पहचान दर्ज मुकदमे में छीने गए फोन के रूप में हुई है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

error: Content is protected !!