- जीआईसी भटखोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा पर पीछे से किया गया जानलेवा हमला, आरोपी फरार; गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित
बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) भटखोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (56) की स्कूल जाते समय चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे शिक्षा विभाग, स्थानीय लोगों और जनपद में शोक एवं आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक दयानंद टम्टा, स्वर्गीय गिरीश प्रसाद टम्टा के पुत्र थे और तहसील रोड, बागेश्वर के निवासी थे। प्रतिदिन की तरह शनिवार सुबह वे विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान उन पर पीछे से चाकू से कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमले का आरोप हाल ही में उसी विद्यालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के रूप में स्थानांतरित होकर आए नवल किशोर सोराड़ी, निवासी लमगड़ा (अल्मोड़ा), पर है। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। हत्या के पीछे की वजह क्या रही, इसे लेकर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस किसी भी संभावित कारण पर आधिकारिक पुष्टि करने से बच रही है।
इस सनसनीखेज हत्या से पूरे बागेश्वर जनपद में दहशत और शोक का माहौल है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
