- ऑपरेशन प्रहार के तहत बीएड कॉलेज के पास चल रहे नशे के कारोबार का भंडाफोड़, स्मैक बिक्री की नकदी, ज्वैलरी, 2 वाहन और 7 मोबाइल फोन बरामद
सितारगंज। ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सितारगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51.97 ग्राम स्मैक, स्मैक बिक्री से प्राप्त ₹8,310 नकद, नशे की कमाई से खरीदी गई ज्वैलरी, दो वाहन, सात मोबाइल फोन तथा स्मैक पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 28 जुलाई को महिला उपनिरीक्षक बबीता टम्टा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थीं। इसी दौरान संदिग्ध बाइक और स्कूटी सवारों का पीछा करते हुए पुलिस वलीनगर स्थित बीएड कॉलेज के पास पहुंची, जहां एक घर के चबूतरे पर पांच लोग स्मैक की पुड़िया तैयार कर उसकी बिक्री कर रहे थे। पुलिस ने मौके से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों की ओर से लंबे समय से कॉलेज के आसपास नशा तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद कार्रवाई की गई। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी में स्मैक के अलावा स्मैक बिक्री से अर्जित ₹8,310 नकद, छह कंगन, नथ, मांग टीका, बालियां, अंगूठी, झुमके व टॉप्स सहित ज्वैलरी, एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक मैस्ट्रो एज स्कूटी, सात मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, फ्यूल पेपर, खाली पारदर्शी पन्नियां, दो लेडीज पर्स और तीन बाजारू थैले शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरफीन खां, मोहम्मद आदिल, जैनब परवीन, अलीशा और दिलनवाज अंसारी के रूप में हुई है। सभी से पूछताछ के आधार पर पुलिस नशा तस्करी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
