- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में साइबर सेल ने आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके
रुद्रपुर। साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों के बीच वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से उधम सिंह नगर पुलिस की साइबर सेल ने गुरुवार को रुद्रपुर नगर निगम सभागार में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान एवं वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बुजुर्गों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल की टीम ने वरिष्ठ नागरिकों और उपस्थित लोगों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फिशिंग, फर्जी मैसेज एवं लिंक, केवाईसी अपडेट फ्रॉड, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, एपीके फाइल डाउनलोड के जरिए होने वाली ठगी और सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग जैसे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया।
पुलिस टीम ने स्पष्ट किया कि कोई भी पुलिस या जांच एजेंसी व्हाट्सएप अथवा वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं करती और न ही जांच के नाम पर धनराशि ट्रांसफर करने के लिए कहती है। इसके साथ ही लोगों को ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम सीवीवी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की हिदायत दी गई।
साइबर सुरक्षा के मद्देनजर अनजान स्रोतों से प्राप्त एपीके फाइल डाउनलोड न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने तथा सोशल मीडिया खातों में मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करने के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने पर जोर देते हुए लोगों से राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
उधम सिंह नगर पुलिस का यह जागरूकता अभियान वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग बनाने और साइबर अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
