IMG-20260918-WA0038
  • सर्वे की आड़ में अधिकारियों का मनमाना रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा!

रुद्रपुर। GST विभाग द्वारा रुद्रपुर के एक व्यापारी के प्रतिष्ठान पर पहुंचकर की जा रही कार्रवाई को लेकर व्यापार मंडल ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा मौके पर पहुंचे और GST विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपना विरोध जताया।

संजय जुनेजा ने अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी समय-समय पर राज्य सरकार को अपनी खरीद-बिक्री का पूरा विवरण देते हैं और नियमानुसार टैक्स भी जमा करते हैं। इसके बावजूद यदि सर्वे अथवा जांच की आड़ में व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है तो व्यापार मंडल इसका पुरजोर विरोध करेगा।

उन्होंने कहा कि व्यापारी पहले से ही विभिन्न आर्थिक एवं व्यावसायिक चुनौतियों के बीच अपना कारोबार चला रहे हैं। ऐसे में विभागीय कार्रवाई के नाम पर भय और दबाव का माहौल बनाया जाना उचित नहीं है।

संजय जुनेजा ने GST विभाग के अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इसी प्रकार व्यापारियों को परेशान और उत्पीड़ित करने का सिलसिला जारी रहा तो व्यापार मंडल सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगा। व्यापारियों के सम्मान और हितों की रक्षा के लिए व्यापार मंडल हर स्तर पर आवाज उठाएगा।

उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल किसी भी व्यापारी के साथ अन्याय नहीं होने देगा। व्यापारी कानून और नियमों का पालन करते हुए अपना व्यवसाय करना चाहते हैं, लेकिन व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो व्यापार मंडल सभी व्यापारियों को साथ लेकर व्यापक आंदोलन करेगा।

error: Content is protected !!