- जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपने की थी तैयारी, पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेसियों ने की जमकर नारेबाजी
रुद्रपुर। जिला मुख्यालय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्थाओं से संबंधित ज्ञापन सौंपने जा रहे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कई कांग्रेसियों को पुलिस ने सिटी क्लब के पास से हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सिटी क्लब में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर उन्हें घेर लिया और ठुकराल समेत कई कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ कांग्रेस प्रदेश सचिव दिनेश पंत, जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हालदार, दिनेश कोली, राम सेवक कोली, आनंद शर्मा और सुनील चुघ समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस वाहन से मौके से ले गई।
हिरासत में लिए जाने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का तीखा विरोध किया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पुलिस कार्रवाई को जनता की आवाज दबाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री का विरोध करने नहीं, बल्कि जिला अस्पताल की गंभीर समस्याओं से उन्हें अवगत कराने और ज्ञापन सौंपने जा रहे थे।
ठुकराल ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल लंबे समय से महज रेफर सेंटर बनकर रह गया है और चिकित्सा सेवाएं चरमरा गई हैं। चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू न हो पाने का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को दबाया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाती रहेगी और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
