IMG-20260827-WA0010
  • विधायक शिव अरोरा ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से की मुलाकात, NMC की कमियां दूर करने और 2026-27 से कक्षाएं शुरू कराने की मांग

रुद्रपुर। रुद्रपुर की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने को लेकर विधायक शिव अरोरा ने देहरादून में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की रिक्तियों को जल्द भरने और रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MBBS की कक्षाएं शुरू कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को दो अलग-अलग पत्र सौंपते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की शीघ्र नियुक्ति एवं तैनाती का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल ऊधमसिंह नगर के साथ आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण गंभीर एवं जटिल मामलों में मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें अतिरिक्त समय, खर्च और परेशानी का सामना करना पड़ता है।

विधायक ने स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, आर्थोपेडिक, पैथोलॉजिस्ट सहित आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने की मांग की। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता से मरीजों को जिला मुख्यालय पर ही बेहतर उपचार मिल सकेगा और अनावश्यक रेफरल में कमी आएगी।

मेडिकल कॉलेज में इसी वर्ष MBBS कक्षाएं शुरू कराने की मांग

विधायक शिव अरोरा ने रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज में 2026-27 से MBBS की पढ़ाई शुरू कराने का मुद्दा भी स्वास्थ्य मंत्री के सामने रखा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) की टीम मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर चुकी है। निरीक्षण के दौरान कुछ फैकल्टी और मूलभूत संसाधनों से जुड़ी कमियां सामने आई हैं।

विधायक ने इन कमियों को जल्द दूर कर NMC के निर्धारित मानकों को पूरा कराने की मांग की, ताकि आवश्यक मान्यता एवं अनुमोदन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके और इसी शैक्षणिक सत्र से MBBS की कक्षाएं शुरू करने का रास्ता साफ हो।

स्वास्थ्य मंत्री ने दिया कार्रवाई का भरोसा

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने विधायक को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार करने के लिए वह स्वयं स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और इसी वर्ष रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज शुरू कराने की पूरी कोशिश की जा रही है। साथ ही जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की रिक्तियों को भरने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं और जल्द रिक्त पदों पर डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित कराई जाएगी।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करना तत्काल आवश्यकता है, जबकि मेडिकल कॉलेज में MBBS कक्षाएं शुरू होना रुद्रपुर और पूरे कुमाऊं क्षेत्र के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम है।

error: Content is protected !!