IMG-20260713-WA0010
  • एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई, गैंगवार की साजिश नाकाम; पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल, हथियार और बिना नंबर की कार बरामद

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात शार्प शूटर जितेन्द्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी को पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ दो अन्य शातिर अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित विशेष टीम को सूचना मिली थी कि जितेन्द्र चौधरी अपने साथियों के साथ बिना नंबर प्लेट की रेनॉल्ट क्विड कार से डिबडिबा क्षेत्र की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर जाफरपुर कट क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी की।

पुलिस द्वारा वाहन रोकने का प्रयास किए जाने पर आरोपी कार लेकर भागने लगे। पीछा करने के दौरान उनकी कार यूनिटी लॉ कॉलेज के पास कच्चे रास्ते में अनियंत्रित होकर तारबाड़ से टकरा गई। इसके बाद बदमाश खेतों की ओर भागे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आरोपियों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन लगातार फायरिंग जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान मुख्य आरोपी जितेन्द्र चौधरी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे और उसके दो साथियों सुमित राठौर तथा चंदन लाल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं निरंजन टाकुली उर्फ नीरू टाकुली मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की रेनॉल्ट क्विड कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार घायल आरोपी जितेन्द्र चौधरी गाबा चौक फायरिंग कांड और पुलभट्टा फायरिंग कांड सहित कई संगीन मामलों में वांछित था तथा उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों, गैंगस्टरों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस पर हमला करने वालों और आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

error: Content is protected !!