_1597157394
  • लापरवाही, शिकायतों के निस्तारण में देरी और दायित्वों के प्रति उदासीनता पर हुई कार्रवाई, एसएसपी ने दिया सख्त संदेश

रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जन-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति लगातार अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। इसी क्रम में लापरवाही और दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाए जाने पर एसएसपी ने आईटीआई कोतवाली प्रभारी और पैगा चौकी प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ द्वारा कोतवाली में दर्ज विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही थी। साथ ही पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई और उनके निस्तारण में अनावश्यक विलंब किया जा रहा था। उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बावजूद विवेचनाओं की निगरानी में लापरवाही और शिथिलता पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।

वहीं, पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह के खिलाफ भी पीड़ितों की शिकायतों के निस्तारण में देरी तथा अपने दायित्वों के प्रति उदासीनता की शिकायतें सामने आईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए।

इस कार्रवाई के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में पुलिस कार्यों में लापरवाही, पीड़ितों की शिकायतों के प्रति असंवेदनशीलता और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

error: Content is protected !!