- आदर्श कॉलोनी में जय अंबे इलेक्ट्रिकल को बनाया निशाना, करीब दो लाख रुपये की तारें व विद्युत उपकरण चोरी; व्यापार मंडल ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की
रुद्रपुर। आदर्श कॉलोनी स्थित नवीन प्रतिष्ठान जय अंबे इलेक्ट्रिकल में गत रात्रि अज्ञात चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए और करीब दो लाख रुपये मूल्य की बिजली की तारें एवं विद्युत उपकरण चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद रुद्रपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा तत्काल मौके पर पहुंचे और आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
प्रतिष्ठान स्वामी शिवा चावला पुत्र श्यामलाल चावला ने बताया कि वह शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर ग्राम मलसा स्थित अपने घर चले गए थे। शनिवार सुबह दुकान पर पहुंचने पर बिजली कटी हुई मिली। जांच करने पर गल्ले में रखे करीब चार से पांच हजार रुपये भी गायब मिले। इसके बाद दुकान का सामान चेक किया गया तो करीब दो लाख रुपये कीमत की बिजली की तारें एवं विद्युत उपकरण चोरी होने का पता चला।
घटना की सूचना मिलते ही व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी। उन्होंने पुलिस से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने तथा बाजार और कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
संजय जुनेजा ने कहा कि सर्दियों का मौसम शुरू हो रहा है और शाम जल्दी होने के कारण बाजारों एवं रिहायशी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत किए जाने की जरूरत है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस फोर्स की तैनाती बढ़ाने की मांग की, ताकि व्यापारियों और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे।
घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता मोहनखेड़ा, राजकुमार सिकरी, रनजीत राणा, खैराती लाल, पंकज बत्रा सहित कई व्यापारी भी मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर चिंता जताई।
