- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में आकाश इंस्टीट्यूट में आयोजित कार्यक्रम, सुरक्षित निकासी, रेस्क्यू ऑपरेशन, सीपीआर और प्राथमिक उपचार की दी गई जानकारी
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया के नेतृत्व में शनिवार को फायर यूनिट रुद्रपुर द्वारा नैनीताल रोड स्थित आकाश इंस्टीट्यूट में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल की शुरुआत आपातकालीन सायरन के साथ की गई। इसके बाद संस्थान में आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर फायर टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को आपातकालीन निकास द्वार के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकालने की पूरी प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान फायर कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन करते हुए घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने, सीपीआर (CPR) देने तथा प्राथमिक उपचार की जानकारी भी व्यवहारिक रूप से दी।
इस अवसर पर 100 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, आग से बचाव के उपाय, सुरक्षित निकासी प्रक्रिया तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।
फायर विभाग ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को आपदा की स्थिति में सही निर्णय लेने और समय रहते सुरक्षित कार्रवाई के लिए तैयार करना है।
