IMG-20260627-WA0008
  • एसएसपी अजय गणपति की सख्त रणनीति का असर, ANTF/SOG और किच्छा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 52.08 ग्राम स्मैक बरामद

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपये कीमत की 52.08 ग्राम स्मैक के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ANTF/SOG रुद्रपुर और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान की।

पुलिस के अनुसार 26 जून को चौकी कलकत्ता फार्म क्षेत्र में सूर्य नगर गेट नंबर-05 के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

तलाशी में अभियुक्त सचिन सिंह के कब्जे से 41.02 ग्राम तथा सुखविंदर सिंह के कब्जे से 11.06 ग्राम शुद्ध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, आधार कार्ड, बैंक कार्ड और नगदी भी बरामद की है।

पूछताछ में मुख्य आरोपी ने नेपाल के लोगों तक स्मैक सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य आरोपियों की गहनता से जांच कर रही है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली किच्छा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशा कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और “नशा मुक्त देवभूमि” के संकल्प को साकार करने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

error: Content is protected !!