IMG-20260807-WA0047
  • विधायक शिव अरोरा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ किया स्थल निरीक्षण, रुद्रपुर डिग्री कॉलेज के पास जल्द शुरू होगा प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य

 

रुद्रपुर। उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं पर्यटन पहचान को रुद्रपुर से जोड़ने की दिशा में विधायक शिव अरोरा की पहल अब धरातल पर उतरने जा रही है। रुद्रपुर डिग्री कॉलेज के समीप उत्तराखंड की कला, संस्कृति और ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा को प्रदर्शित करने वाले भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। प्रस्तावित परियोजना की अनुमानित लागत करीब 2 करोड़ 75 लाख रुपये है।

विधायक शिव अरोरा ने शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रस्तावित प्रवेश द्वार के चिन्हित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ प्रवेश द्वार की रूपरेखा, निर्माण कार्य और यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि उन्होंने 31 अक्टूबर 2022 को रुद्रपुर में उत्तराखंड की कला, संस्कृति एवं ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा को प्रदर्शित करने वाले भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखा था। इसके बाद 17 मई 2023 को इसे मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया गया। मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 677/2023 के तहत जिला विकास प्राधिकरण ने करीब 2.75 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना की डीपीआर तैयार की, जबकि डिजाइन को भी स्वीकृति मिल चुकी है।

प्रस्तावित प्रवेश द्वार को उत्तराखंड की समृद्ध कला, संस्कृति और लोक परंपराओं का प्रतीक बनाया जाएगा। यहां पर्यटन विभाग का पूछताछ एवं सूचना केंद्र, यात्रियों के लिए आधुनिक शौचालय, उत्तराखंड का आकर्षक मानचित्र, सुंदर लैंडस्केपिंग और सुरक्षा व्यवस्था के लिए गार्ड रूम जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर उत्तराखंड का प्रवेश द्वार है। ऐसे में यहां बनने वाला यह भव्य प्रवेश द्वार प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देगा। इससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ ही पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा और प्रदेश में आने वाले पर्यटकों एवं यात्रियों का उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति के अनुरूप स्वागत किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। परियोजना के पूर्ण होने के बाद रुद्रपुर को एक नए पर्यटन एवं सांस्कृतिक आकर्षण के रूप में पहचान मिलने की उम्मीद है।

विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि उनके प्रस्ताव को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किए जाने से यह महत्वपूर्ण परियोजना मूर्त रूप लेने जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में रुद्रपुर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और यह भव्य प्रवेश द्वार भी शहर की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय साबित होगा।

निरीक्षण के दौरान मेयर विकास शर्मा, जिला विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष जयकिशन, सचिव पंकज उपाध्याय, एडीएम कौस्तुभ मिश्रा, एसडीएम मनीष बिष्ट, एनएच पीडी अंचल जिंदल, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमित भारती और पेयजल निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नरेंद्र नवानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!