3436D21F-EEB3-4432-B8EE-1AA890D1B412

रुद्रपुर । उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से घोषित उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 (पीसीएस) के अंतिम परिणामों में रुद्रपुर की बेटी जसमीत कौर पाहवा ने पूरे प्रदेश में टॉप कर जनपद का मान बढ़ाया है। आयोग द्वारा जारी सूची के अनुसार जसमीत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस अभूतपूर्व सफलता पर उनके परिवार और शहर में खुशी की लहर है।

वसुंधरा पॉम हाउस कॉलोनी निवासी जसमीत कौर पाहवा वर्तमान में बागेश्वर जिले में समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात हैं। अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए उन्होंने सेवा में रहते हुए ही पुनः परीक्षा दी और राज्य में शीर्ष स्थान हासिल किया। जसमीत के पिता जसवंत सिंह पाहवा व्यवसायी हैं और मां मनप्रीत कौर गृहिणी हैं। उनके दो भाई हैं, जिनमें से एक इंजीनियर है और दूसरे भाई ने एआई में डिग्री हासिल की है।

अपनी सफलता के मूल मंत्र साझा करते हुए जसमीत ने बताया कि निरंतरता और स्वयं पर अटूट विश्वास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने रुद्रपुर के आरएएन पब्लिक स्कूल से हाईस्कूल और होली चाइल्ड स्कूल से इंटरमीडिएट की शिक्षा पूर्ण की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास विषय में स्नातक किया। जसमीत ने बताया कि पिछली बार पीसीएस परीक्षा में जिला समाज कल्याण अधिकारी का पद मिलने के बाद भी उनका लक्ष्य नहीं बदला था। प्रशिक्षण के दौरान ही उन्होंने उच्च स्तर की तैयारी जारी रखी, जिसका सुखद परिणाम आज राज्य में प्रथम रैंक के रूप में उनके सामने है।

आयोग द्वारा आयोजित इस परीक्षा में मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक दक्षता और चिकित्सकीय परीक्षण के विभिन्न कड़े पड़ावों को पार करने के बाद कुल 182 पदों पर चयन किया गया है। डिप्टी कलेक्टर के नौ पदों में से जसमीत कौर पाहवा ने सर्वाेच्च स्थान प्राप्त किया है। उनकी उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे रुद्रपुर शहर के लिए गौरव का विषय है। शहर के प्रबुद्धजनों और परिचितों ने उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है।

error: Content is protected !!