- होंडा सिटी कार, लैपटॉप, 5 मोबाइल और 92 हजार की नकदी बरामद
रूद्रपुर। थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस और एसओजी की टीम ने ऑपरेशन प्रहार के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सिडकुल आनंदपुर रोड पर एक लग्जरी होंडा सिटी कार के भीतर बैठकर लैपटॉप और मोबाइल के जरिए आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहे दिल्ली निवासी एक शातिर सटोरिये को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से सट्टेबाजी में प्रयुक्त कार, एक लैपटॉप, 5 महंगे स्मार्टफोन, कैलकुलेटर और 92,000 रुपये की नगदी बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
प्राप्त विवरण के अनुसार, 19 मई 2026 की रात थाना ट्रांजिट कैंप के उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, अतिरिक्त उपनिरीक्षक सन्तोष रोडियाल, कांस्टेबल दिनेश ध्यानी और देवेन्द्र सिंह के साथ सरकारी वाहन से क्षेत्र में शांति व्यवस्था और संदिग्धों की चेकिंग में मुस्तैद थे। इसी दौरान परशुराम चौक के पास सादे वस्त्रों में तैनात एसओजी के कांस्टेबल दिनेश चन्द्र और ललित कुमार ने पुलिस टीम को विशेष मुखबिर की सूचना दी। मुखबिर ने बताया कि सिडकुल आनंदपुर रोड पर धर्मकांटे से आगे सफेद रंग की होंडा सिटी कार में एक व्यक्ति अवैध रूप से आईपीएल मैच पर सट्टा लगवा रहा है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने सिडकुल आनंदपुर रोड की ओर रुख किया। धर्मकांटे से कुछ दूरी पर सड़क किनारे एक सफेद कार खड़ी दिखाई दी, जिसके अंदर की लाइट जल रही थी और एक व्यक्ति लैपटॉप पर काम करता नजर आया। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए अपनी सरकारी गाड़ी को होंडा सिटी के आगे अड़ा दिया और कार को चारों तरफ से घेरकर उसमें बैठे शख्स को दबोच लिया।
दिल्ली का निकला सटोरिया
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम रंजीत सिंह सैनी (उम्र 45 वर्ष) पुत्र वीर सिंह सैनी, निवासी- आर जेड एफ 150/3, गली नंबर-37, साद नगर, पालम कॉलोनी, थाना पालम गांव, जिला दिल्ली बताया। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली, तो ड्राइवर सीट के बगल में चालू हालत में एक एचपी कंपनी का लैपटॉप और 5 मोबाइल फोन बरामद हुए। लैपटॉप की स्क्रीन पर सट्टेबाजी का विशेष सॉफ्टवेयर खुला हुआ था। इसमें एक्सेल जैसी एक शीट बनी थी, जिसमें सीरियल नंबर के साथ रेट, ग्राहकों के नाम, आईपीएल की क्रिकेट टीमों के कोड तारीख, समय, रन और हार-जीत की रकम के आगे बकायदा प्लस (+) और माइनस (-) के चिन्ह अंकित थे। सख्ती से पूछने पर रंजीत ने कुबूल किया कि वह सुनसान जगह पर गाड़ी खड़ी कर आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहा था।
नगदी और आईफोन सहित इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बरामद
कार की चेकिंग के दौरान ड्राइवर सीट के पास रखे एक नीले रंग के चौनदार बैग से पुलिस को सट्टे के लेन-देन का हिसाब जोड़ने वाला कैलकुलेटर, लैपटॉप का चार्जर और 92,000 रुपये की नगदी बरामद हुई, जिसे अभियुक्त ने सट्टे की कमाई बताया। इसके अलावा बरामद 5 मोबाइल फोनों की जांच में सट्टेबाजी के पुख्ता सबूत मिले हैं।पकड़े गए अभियुक्त रंजीत सिंह सैनी से जब होंडा सिटी कार के दस्तावेज मांगे गए, तो वह पेश नहीं कर सका। पुलिस ने जब सरकारी ई-चालान मशीन से वाहन का नंबर चेक किया, तो वह रितु सिंह सैनी पुत्र वीर सिंह सैनी (निवासी पालम कॉलोनी, नई दिल्ली) के नाम पर दर्ज पाई गई।
जुआ अधिनियम में केस दर्ज
चूंकि अभियुक्त पेशेवर तरीके से डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर सट्टा रैकेट चला रहा था, इसलिए अपराध की गंभीरता को देखते हुए उसे धारा 41(क) सीआरपीसी का लाभ न देते हुए, माननीय सर्वाेच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के नियमों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। थाना ट्रांजिट कैंप में अभियुक्त के खिलाफ धारा 13 जी. एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है, तथा बरामद होंडा सिटी कार को एमवी एक्ट के तहत सीज कर पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
