- एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर रुद्रपुर पुलिस की कार्रवाई, छह नामजद आरोपियों में से दो गिरफ्तार; अन्य की तलाश जारी
रुद्रपुर। रेशमबाड़ी में हुए चाकूबाजी कांड में रुद्रपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में चाकू लगने से घायल लीलाधर की उपचार के दौरान मौत हो गई थी, जबकि राहुल सहित अन्य लोग घायल हुए थे।
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर की रात रेशमबाड़ी मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर अनुज और विनोद कश्यप के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद विनोद अपने साथियों के साथ राम अवतार के घर पहुंचा, जहां मारपीट और गाली-गलौज के दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों पर चाकू से हमला कर दिया गया।
मामले में जोहरी लाल की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में पुलिस ने 27 नवंबर को किच्छा रोड स्थित बागवाड़ा मंडी के सामने से दो आरोपियों सुभाष (18 वर्ष) निवासी रेशमबाड़ी और विनोद कश्यप (19 वर्ष) निवासी दूधियानगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।

