रुद्रपुर। काशीपुर बाईपास रोड पर सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान पेड़ कटाई ठेकेदार द्वारा पेड़ों को काट तो दिया गया, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद कटे हुए पेड़ों को मौके से नहीं हटाया गया है। इसको लेकर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने रोष प्रकट करते हुए संबंधित ठेकेदार के प्रति नाराजगी जताई।
संजय जुनेजा ने कहा कि काशीपुर बाईपास रोड पर सैकड़ों व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के माध्यम से कारोबार करते हैं। कटे हुए पेड़ लंबे समय से दुकानों और प्रतिष्ठानों के सामने पड़े होने के कारण व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं, सड़क से आने-जाने वाले राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है।
उन्होंने मौके पर ठेकेदार को बुलाकर तत्काल कटे हुए पेड़ों को हटाने की बात बोली जिस पर ठेकेदार ने शीघ्र ही पेड़ों को हटाने का आश्वासन भी दिया।
जुनेजा ने कहा कि विकास एवं निर्माण कार्य होना बेहद जरूरी है और व्यापार मंडल भी इन कार्यों का समर्थन करता है, लेकिन निर्माण कार्यों के दौरान संबंधित विभागों और ठेकेदारों को जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए। किसी भी प्रकार की हीलाहवाली या लापरवाही के कारण आम जनता और व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने मांग की कि कटे हुए पेड़ों को तत्काल हटाकर मार्ग एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों के सामने की स्थिति सामान्य की जाए।

