- बंद घरों की रेकी कर रात में वारदात को देता था अंजाम, बिजनौर-नजीमाबाद और ऋषिकेश से भी जा चुका है जेल
काशीपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत काशीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, कीमती घड़ी और नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 11 मई 2026 को साकेत नगर निवासी पीयूष चौहान ने कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर बताया था कि 8 मई को वह परिवार सहित घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, कीमती घड़ी और नकदी चोरी कर ली। मामले में कोतवाली काशीपुर में एफआईआर संख्या 173/2026 दर्ज की गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीम गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने करीब 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
7 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर ढैला पुल के पास से पुलिस ने सोनू शर्मा पुत्र राजकुमार शर्मा निवासी मूसेपुर पाडली, थाना नहटौर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का माल और 34,600 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बंद घरों की रेकी कर रात के समय ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है और वह बिजनौर, नजीमाबाद तथा ऋषिकेश में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ पूर्व में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया है।
बरामदगी:
- 02 सोने की अंगूठियां
- 02 जोड़ी चांदी के बिछुए
- 01 कैसियो कंपनी की घड़ी
- ₹34,600 नकद
