IMG_20260522_165139
  • 1872 गरीब परिवारों को जल्द मिलेगा पक्के घर का सपना
  • बागवाला में आधुनिक सुविधाओं से लैस आवास परियोजना अंतिम चरण में
  • लॉटरी प्रक्रिया से हुआ आवास आवंटन, जल्द सौंपे जाएंगे मकान

रुद्रपुर। बागवाला क्षेत्र में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास योजना का विधायक शिव अरोरा ने जिला विकास प्राधिकरण की टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और परियोजना में दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। विधायक ने कहा कि 1872 गरीब परिवारों के सपनों का आशियाना अब लगभग तैयार हो चुका है और जल्द ही लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपी जाएगी।

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि वर्ष 2023 में उनके प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना को स्वीकृति दी थी। इसके बाद जिला विकास प्राधिकरण द्वारा बागवाला क्षेत्र की भूमि चिन्हित कर सभी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड ढाई वर्ष के भीतर इतने बड़े प्रोजेक्ट का लगभग पूर्ण होना सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति और दूरदर्शी सोच को दर्शाता है।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने बताया कि योजना में पार्क, पार्किंग, फायर सेफ्टी पाइपलाइन, अंडरग्राउंड वायरिंग और एसटीपी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। प्रत्येक आवास में बेडरूम, किचन, बालकनी, हॉल और अलग शौचालय-बाथरूम की व्यवस्था की गई है। उन्होंने दावा किया कि भवनों का निर्माण पूरी तरह कंक्रीट और सरिया से किया गया है, जिससे सीलन की समस्या नहीं होगी और यह भूकंपरोधी भी होंगे।

विधायक ने कहा कि जिला विकास प्राधिकरण द्वारा 1872 आवासों का चरणबद्ध तरीके से पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से आवंटन किया जा चुका है। कुछ ब्लॉकों में फिनिशिंग का कार्य अंतिम चरण में है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रम्पुरा समेत झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों का पक्के घर का सपना अब पूरा होने जा रहा है।

उन्होंने बताया कि करीब छह लाख रुपये लागत वाले इन आवासों के लिए लाभार्थियों को मात्र पांच हजार रुपये जमा करने होंगे, जबकि केंद्र सरकार की ओर से तीन लाख रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। शेष राशि बैंक ऋण के माध्यम से आसान किश्तों में जमा करनी होगी।

इस दौरान जिला विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष जयकिशन, बागवाला झील ग्राम प्रधान पति प्रमोद कुमार, भगवानपुर प्रधान विनीत सोलंकी, मटकोटा धर्मपुर प्रधान दीपक गोस्वामी, अजय वर्मा, अजीत सोलंकी राजीव शुक्ला, कुलदीप चंद्र,राजेश तिवारी, सुनील सिंह, मयंक कक्कड़, डंम्पी चोपड़ा, नीरज यादव आदि लोग मौजूद रहें।

error: Content is protected !!