- भीषण गर्मी में घंटों गुल रही बिजली, लो वोल्टेज और फॉल्ट से परेशान लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी
शुभम कुमार/नवभारत मीडिया
रुद्रपुर- भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों से दर्जनों लोग बिजली विभाग के खिलाफ एकजुट होकर ऊर्जा निगम कार्यालय पहुंच गए। इस दौरान लोगों ने विभागीय अधिकारियों का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बिना किसी सूचना के बार-बार बिजली काटी जा रही है। दिन और रात में घंटों तक बिजली गुल रहने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। इसके अलावा लो वोल्टेज की समस्या के कारण घरों में लगे बिजली उपकरण भी खराब हो रहे हैं।
स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि लगातार बिजली कटौती से छोटे कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। वहीं कई इलाकों में पानी की सप्लाई भी बाधित हो रही है, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे और समय पर फॉल्ट भी ठीक नहीं किए जा रहे।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने जल्द विद्युत व्यवस्था में सुधार और फॉल्ट दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। हालांकि लोगों ने साफ चेतावनी दी कि यदि अघोषित कटौती और लो वोल्टेज की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
