IMG_20260920_222920
  • 327 लीटर अवैध कच्ची शराब और दो बाइक बरामद, दिनेशपुर के जंगल में शराब की भट्टी का भंडाफोड़ कर 700 लीटर लहन नष्ट

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर में अवैध नशे और शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 327 लीटर अवैध कच्ची शराब और तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

सितारगंज में दो आरोपी गिरफ्तार

19 सितंबर को कोतवाली सितारगंज पुलिस ने चेकिंग और गश्त के दौरान अलग-अलग कार्रवाई में दो आरोपियों को अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक प्रीतम सिंह निवासी पूर्वी उकरौली के कब्जे से 32 पाउच तथा किशोर मौलिक निवासी सितारगंज के कब्जे से 60 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

जसपुर में 207 लीटर शराब और दो बाइक बरामद

कोतवाली जसपुर पुलिस ने टांडा प्रभापुर रोड पर चेकिंग के दौरान 207 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। मौके से चार रबर ट्यूब, एक प्लास्टिक कट्टा और तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी बरामद हुईं। पुलिस ने राजू सिंह निवासी भोगपुर डाम को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी कुलवंत सिंह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

नानकमत्ता में 28 लीटर कच्ची शराब बरामद

चौकी प्रतापपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शक्ति विश्वास निवासी प्रतापपुर नंबर-04 बंगाली कॉलोनी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 84 पाउच में करीब 28 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ कोतवाली नानकमत्ता में धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

दिनेशपुर के जंगल में अवैध शराब की भट्टी का भंडाफोड़

थाना दिनेशपुर पुलिस ने तिलपुरी के जंगल में कॉम्बिंग के दौरान अवैध रूप से संचालित कच्ची शराब की भट्टी का भंडाफोड़ किया। मौके से शराब बनाने के उपकरण, दो ड्रम, पाइप और अधजली लकड़ियां बरामद हुईं। पुलिस ने शराब बनाने के लिए तैयार किया जा रहा करीब 700 लीटर लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया और अवैध भट्टी को भी नष्ट करने की कार्रवाई की।

SSP अजय गणपति का कड़ा संदेश

SSP अजय गणपति ने कहा कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशे की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों पर पुलिस की सतर्क निगरानी है और ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

error: Content is protected !!