- SSP अजय गणपति ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, पुलिस बल और PAC तैनात; सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी
ऊधमसिंहनगर। नगर पालिका निर्वाचन किच्छा एवं सिरौलीकलां को लेकर ऊधमसिंहनगर पुलिस अलर्ट मोड पर है। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और PAC तैनात किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त माहौल में मतदान संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी के लिए अतिरिक्त पुलिस बल एवं PAC की तैनाती की गई है। मतदान केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। असामाजिक तत्वों और भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
SSP अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि चुनाव में खलल डालने या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऊधमसिंहनगर पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग करने और शांति बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
