- साप्ताहिक परेड में अनुशासन, फिटनेस और ईमानदारी पर दिया जोर, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का पाठ पढ़ाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि ड्यूटी के दौरान शराब या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जो आवश्यकता पड़ने पर बर्खास्तगी तक पहुंच सकती है।
शुक्रवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित साप्ताहिक परेड के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की शारीरिक फिटनेस, टर्नआउट एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और प्रत्येक पुलिसकर्मी को वर्दी की गरिमा के अनुरूप आचरण करना चाहिए।
एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपराधियों, माफियाओं एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही बाहरी ड्यूटियों पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने को कहा।
उन्होंने पुलिस बल की शारीरिक और मानसिक फिटनेस को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए नियमित व्यायाम, परेड और प्रशिक्षण को दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। एसएसपी ने कहा कि अनुशासित, फिट और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस बल ही जनता के विश्वास पर खरा उतर सकता है और कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रख सकता है।
