- हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जा रहा था परिवार, चंपावत के बापरू के पास हुआ हादसा, रेस्क्यू कर घायलों को पहुंचाया अस्पताल
चंपावत। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चंपावत जिले में लोहाघाट से आगे बापरू क्षेत्र के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी से पिथौरागढ़ के कनालीछीना की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद कार में अचानक आग लग गई। इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कार हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जनपद के कनालीछीना क्षेत्र की ओर जा रही थी। इसी दौरान मरोड़ाखान से करीब दो किलोमीटर आगे बंतोली गांव के ऊपर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि खाई में गिरने के बाद कार में जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई और देखते ही देखते वाहन आग की चपेट में आ गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन चालक राजेन्द्र कुमार (48) निवासी डीडीहाट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार बलदेव कुमार (36) निवासी कनालीछीना, पिथौरागढ़ की कार में आग लगने के कारण जलकर मौत हो गई।
हादसे में बलदेव कुमार की पत्नी नीतू देवी (36), बेटी अक्षिता (8) और बेटा आरव (5) गंभीर रूप से घायल हो गए। रेस्क्यू टीम ने तीनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर आपातकालीन वाहन के माध्यम से उपचार के लिए उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
फिलहाल हादसे के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
