IMG-20260815-WA0072
  • एमडी डा. प्रदीप अदलखा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को किया सम्मानित
  • सितंबर से वेतन बढ़ाने की घोषणा पर अस्पताल कर्मियों में खुशी की लहर

रुद्रपुर। रामपुर रोड स्थित नारायण अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर में स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रदीप अदलखा और डॉ. सोनिया अदलखा ने ध्वजारोहण किया। तिरंगा फहराए जाने के बाद सभी ने राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

ध्वजारोहण के दौरान अस्पताल परिसर भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। इसके बाद अस्पताल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रदीप अदलखा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र देश में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सेवा केवल सीमा पर तैनात होकर ही नहीं, बल्कि अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करके भी की जा सकती है। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए मरीजों की सेवा और उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराना भी समाज और राष्ट्र के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

 

डॉ. अदलखा ने कहा कि नारायण अस्पताल परिवार का प्रत्येक सदस्य मरीजों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। चिकित्सक मरीज का उपचार करते हैं, लेकिन अस्पताल की व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में नर्सिंग स्टाफ, तकनीकी कर्मचारी, प्रशासनिक कर्मचारी, सफाईकर्मी, सुरक्षा कर्मी और अन्य सभी कर्मचारियों का समान रूप से योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता किसी एक व्यक्ति के प्रयास से संभव नहीं होती, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक परिश्रम से संस्था आगे बढ़ती है।

उन्होंने कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और मरीजों के प्रति उनकी सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज बेहतर उपचार के साथ सम्मान और संवेदनशील व्यवहार की भी अपेक्षा करता है। इसलिए सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और मानवीय भावना के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मरीज और उसके परिजन अस्पताल से जिस भरोसे के साथ जुड़ते हैं, उस भरोसे को कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर डॉ. प्रदीप अदलखा ने अस्पताल के कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि सितंबर माह से कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि की जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत और योगदान को सम्मान देना संस्थान की प्राथमिकता है। वेतन वृद्धि का उद्देश्य कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित करना भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्मचारी इसी समर्पण के साथ मरीजों की सेवा करते हुए अस्पताल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहयोग करेंगे।

वेतन वृद्धि की घोषणा के साथ ही कर्मचारियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। सम्मान और उपहार मिलने से कर्मचारियों का उत्साह भी बढ़ा। कार्यक्रम के दौरान डॉ. सोनिया अदलखा ने भी कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डा. सोनिया अदलखा, डॉ. एस.पी. सिंह, डॉ. पारुल माहेश्वरी, डॉ. सोनू, डॉ. विश्वेश, डॉ. जितेश अरोड़ा, डॉ. भावना बाठला, डॉ. अंकुश बाठला, डॉ. प्रशांत, डॉ. शमीम, डॉ. नरेंद्र, डॉ. राजीव, डॉ. आयुष और डॉ. श्रद्धा के अलावा विशाल, सोनम, रहमान, केसर, मीनाक्षी, बब्बू, यासिर, राजेंद्र, गगनदीप, राजन सिंह, निसार, तौकीर, आकाश, अलका, शुभम, भीम सिंह, गुरविंदर, वकील, मनीष, सुरभि, ज्योति रावत, विमल वर्मा, विमल चौहान, नंदनी, नेहा, फिजा, देवेंद्र, शशि यादव, शकील, मेवा राम, अशोक और पूजा समेत अस्पताल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!