- युवक से लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के मामले में फरार आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल; तमंचा, कारतूस, लूटा गया सामान और बाइक बरामद
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक के साथ लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के चर्चित मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में नानकमत्ता पुलिस मुकदमा एफआईआर संख्या 173/2026 में वांछित आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी बेरीघाट, खटीमा की तलाश में चेकिंग एवं गश्त कर रही थी। इसी दौरान मच्छी झाला के पास डैम बंधे पर एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए फरार होने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपी का पीछा किया। गलाबाग के पास कच्चे रास्ते में घेराबंदी के दौरान उसकी बाइक फिसल गई, जिसके बाद वह झाड़ियों की आड़ लेकर दोबारा पुलिस पर फायरिंग करने लगा। पुलिस द्वारा कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दिए जाने के बावजूद आरोपी फायरिंग करता रहा। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों दीपक सिंह और मनोज भाटिया के साथ मिलकर 5 अगस्त 2026 को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूटी थी तथा उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया था। घटना के बाद वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में दोनों अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जीवित कारतूस, लूटा गया पर्स, भारतीय व नेपाली मुद्रा, एटीएम कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल, पासपोर्ट साइज फोटो तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमे में संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
