- निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग, चेतावनी—न्याय नहीं मिला तो करेंगे आमरण अनशन
रुद्रपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान कथित अनियमितताओं और फर्जी आपत्तियां लगाए जाने के विरोध में गुरुवार को पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठ गए। धरने के बाद उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं की तो वह एसडीएम कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन आमरण अनशन करेंगे।

धरने के दौरान राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में एक राजनीतिक दल से जुड़े कुछ लोगों द्वारा सुनियोजित तरीके से वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना था कि बड़ी संख्या में फर्जी आपत्तियां दर्ज कर प्रशासन को गुमराह किया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
ठुकराल ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत वार्डों, मलिन बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में बीएलओ जनहित में कार्य कर रहे हैं, लेकिन जानबूझकर सैकड़ों बेबुनियाद आपत्तियां लगाकर उनके कार्य में बाधा उत्पन्न की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन आपत्तियों को अब तक जांच और निस्तारण के लिए संबंधित बीएलओ के पास नहीं भेजा गया, जिससे पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि फर्जी आपत्तियों के माध्यम से लोकतंत्र का मजाक उड़ाया जा रहा है। ठुकराल ने बताया कि उनकी माता दर्शना रानी के नाम पर भी आपत्ति दर्ज कराई गई। उनके अनुसार, संबंधित आपत्तिकर्ता ने स्वयं बातचीत में कहा कि उसने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई और उसके नाम का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई आपत्तियों पर आपत्तिकर्ताओं के हस्ताक्षर तक नहीं हैं, जबकि अनेक ऐसे लोगों के नाम पर भी आपत्तियां दर्ज कर दी गई हैं जो वर्षों से अपने परिवार के साथ उसी क्षेत्र में स्थायी रूप से निवास कर रहे हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए सुनियोजित षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले का पर्दाफाश कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि मतदाता सूची की शुचिता बनी रहे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर लोगों का विश्वास कायम रहे।
उन्होंने कहा कि यदि जिला प्रशासन ने तत्काल निष्पक्ष जांच कर न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन छेड़ेगी। साथ ही सभी फर्जी आपत्तियों की जांच कर वास्तविक मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की। बाद में एसडीएम के आश्वासन के बाद राजकुमार ठुकराल ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
