IMG-20260625-WA0138
  • एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में आईटीआई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार; 6 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपराधमुक्त उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऊधमसिंहनगर पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली आईटीआई पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार चैती मेला काशीपुर के दौरान हुई वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने लगातार सीसीटीवी फुटेजों का विश्लेषण, सुरागरसी-पतारसी तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। 24 जून की रात वकीलोवाला रोड स्थित पीएम आवास योजना के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल गोस्वामी (19 वर्ष) निवासी काशीपुर और पिंटू (27 वर्ष) निवासी मसवासी, रामपुर के रूप में हुई है। पुलिस टीम को देखकर उनका एक अन्य साथी अजय सिंह मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे की लत और अन्य खर्चों की पूर्ति के लिए मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उनके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं, जबकि उनकी निशानदेही पर एक खंडहर में छिपाकर रखी गई चार अन्य चोरी की बाइकें भी बरामद कर ली गईं। इस प्रकार पुलिस ने कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता हासिल की।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप जनपद में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। चोरी, नशा तस्करी, अवैध गतिविधियों और अन्य आपराधिक कृत्यों में संलिप्त व्यक्तियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

error: Content is protected !!