IMG-20260624-WA0079
  • जनपद में अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार, बाहरी राज्यों से बने लाइसेंसों की भी होगी जांच; दोषियों पर होगी कठोर वैधानिक कार्रवाई

रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाकर उनका उपयोग करने वालों के विरुद्ध पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जनपद स्तर पर तीन विशेष सत्यापन टीमों का गठन किया गया है, जो स्थानीय स्तर के साथ-साथ अन्य जनपदों एवं राज्यों से जारी किए गए शस्त्र लाइसेंसों की भी गहन जांच करेंगी।

एसएसपी अजय गणपति ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान का उद्देश्य फर्जी लाइसेंसों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करना, शस्त्रों के दुरुपयोग पर रोक लगाना तथा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।

पुलिस के अनुसार जनपद में अब तक फर्जी शस्त्र लाइसेंस से जुड़े दो अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें कोतवाली काशीपुर पुलिस द्वारा नौ तथा कोतवाली कुण्डा पुलिस द्वारा दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए काशीपुर और रुद्रपुर सेक्टर में स्थानीय सत्यापन हेतु दो अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जबकि तीसरी टीम बाहरी जनपदों और अन्य राज्यों से बनवाए गए शस्त्र लाइसेंसों की जांच करेगी। सभी टीमों की निगरानी संबंधित क्षेत्राधिकारी करेंगे।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाने, रखने अथवा उनका प्रयोग करने वालों के विरुद्ध किसी भी स्तर पर रियायत नहीं बरती जाएगी। प्रत्येक संदिग्ध लाइसेंस का गहन सत्यापन किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले प्रत्येक तत्व पर पुलिस की सतत निगाह है और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

error: Content is protected !!