IMG-20260923-WA0017
  • किच्छा में मतगणना के दौरान दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने, पुलिस ने तत्काल संभाली स्थिति; शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया

किच्छा। नगर पालिका निर्वाचन किच्छा एवं सिरौलीकलां की मतगणना प्रक्रिया के दौरान 22 सितंबर 2026 को नई मंडी स्थित मतगणना परिसर में उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला अपने-अपने समर्थकों एवं प्रत्याशियों के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और कहासुनी के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई।

मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए उन्हें मौके से हटाया। पुलिस के अनुसार, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं उनके समर्थकों को सिडकुल चौकी, पंतनगर ले जाया गया, जबकि वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ एवं उनके समर्थकों को कोतवाली किच्छा ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक, वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ धक्का-मुक्की करने वाले धीरज कुमार (40), पुत्र शम्भू सिंह, निवासी वार्ड नंबर-04, आस्था कॉलोनी, लालपुर, थाना किच्छा, जिला ऊधमसिंहनगर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ धारा 170 BNS के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित किया जा रहा है। अब तक कुल 30 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, अपर उपनिरीक्षक संतोष उप्रेती, कांस्टेबल 616 बृजमोहन सिंह और कांस्टेबल 1148 हरेन्द्र धामी शामिल रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर ने कहा कि जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!