IMG-20260731-WA0066
  • यशपाल आर्य और प्रकाश जोशी ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव संपर्क कर अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने का किया आह्वान

रुद्रपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रस्तावित हल्द्वानी दौरे की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को रुद्रपुर स्थित सिटी क्लब में कांग्रेस की महत्वपूर्ण रणनीति बैठक आयोजित की गई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य तथा कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश जोशी ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक से पूर्व दोनों वरिष्ठ नेताओं का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का प्रस्तावित हल्द्वानी दौरा संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसे जनशक्ति के प्रदर्शन के साथ सफल बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और वार्ड स्तर तक संपर्क अभियान चलाने, अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने तथा कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों, युवाओं, महिलाओं और आमजन के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लगातार जनता के बीच उठा रही है और आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी।

कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश जोशी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे का उत्तराखंड दौरा संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी सक्रियता और समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी ताकि कार्यक्रम में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ पार्टी की विचारधारा और जनहित की नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना है।

बैठक में हल्द्वानी कार्यक्रम की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों, जनसंपर्क अभियान तथा अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ नेताओं ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पूरे समर्पण के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

बैठक में खटीमा विधायक एवं उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी, पूर्व विधायक संजीव आर्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!