IMG-20260824-WA0048
  • 200–250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, CDR और मोबाइल लोकेशन बनी पुलिस की अहम कड़ी; घटना में प्रयुक्त डम्पर और लोहे का हुक बरामद

काशीपुर। धनौरी पट्टी, रामनगर रोड पर 19 वर्षीय युवती की हत्या के मामले का ऊधम सिंह नगर पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया। कोतवाली काशीपुर पुलिस ने मामले में डम्पर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डम्पर, लोहे का हुक, मृतका का मोबाइल फोन और बैग समेत अन्य सामान बरामद किया है।

20 अगस्त की सुबह धनौरी पट्टी क्षेत्र में सड़क किनारे युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। मृतका के सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने स्वयं संज्ञान लेते हुए काशीपुर पुलिस को ब्लाइंड मर्डर का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।

200–250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने मृतका के घर से घटनास्थल तक जाने वाले संभावित रास्तों को चिन्हित किया और करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना के समय चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड, केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जा रहे एक डम्पर को संदिग्ध पाया गया।

इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध डम्पर की पहचान UK15CA-1437 के रूप में की और वाहन स्वामी से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि घटना के समय डम्पर को राजू चला रहा था और उसके साथ सुमित मौजूद था।

CDR और मोबाइल लोकेशन से जुड़ीं घटना की कड़ियां

पुलिस ने मृतका सहित संदिग्ध व्यक्तियों के मोबाइल नंबरों की CDR और लोकेशन का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान मृतका की लोकेशन घटना से कुछ समय पहले चैती मैदान के पास मिली। पुलिस के अनुसार, मृतका ने सुबह करीब 4:35 बजे चैती रोड से चीमा चौराहा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी, जिसे कुछ ही मिनट बाद कैंसिल कर दिया गया।

बाद में मृतका का मोबाइल गुलजारपुर क्षेत्र में डम्पर चालक छोटे को सड़क पर पड़ा मिला। पुलिस ने मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए जांच को आगे बढ़ाया।

पूछताछ में सामने आई हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी राजू ने बताया कि वह अपने साथी सुमित के साथ खनिज सामग्री लेने क्रेशर की ओर जा रहा था। चैती मैदान के पास एक महिला ने डम्पर रुकवाया और दोनों ने उसे वाहन में बैठा लिया।

पुलिस के मुताबिक, कुछ दूरी आगे जाने के बाद राजू ने सुमित को डम्पर चलाने के लिए कहा और स्वयं महिला के पास बैठ गया। एकांत स्थान पर उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला के विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने के बाद आरोपी ने डम्पर में रखे लोहे के हुक से उसके सिर पर वार कर दिए। इसके बाद दोनों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और क्रेशर की ओर चले गए।

पुलिस को गुमराह करने के लिए मोबाइल सड़क पर छोड़ा

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मृतका का मोबाइल डम्पर में ही रह गया था। आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से मोबाइल को ओंकार स्टोन क्रेशर से पहले सड़क पर रख दिया। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

डम्पर से आला कत्ल और मृतका का बैग बरामद

23 अगस्त को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त डम्पर को कब्जे में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर डम्पर के अंदर से लोहे का हुक और मृतका का बैग बरामद किया गया। बैग में आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड मिले। इसके अलावा घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपी

  1. राजू पुत्र ललित, निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई, ऊधम सिंह नगर, उम्र 39 वर्ष।
  2. सुमित पुत्र राजू, निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, थाना काशीपुर, ऊधम सिंह नगर, उम्र 19 वर्ष।

बरामदगी

  • घटना में प्रयुक्त डम्पर संख्या UK15CA-1437
  • लोहे का हुक
  • मृतका का मोबाइल फोन
  • मृतका का बैग, जिसमें आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड
  • आरोपियों के घटना के समय पहने गए कपड़े

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, फॉरेंसिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, CDR, मोबाइल लोकेशन और 200–250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के विश्लेषण के जरिए महज 72 घंटे में मामले का खुलासा किया गया।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है। अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस की पैनी नजर से बच नहीं सकता और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

error: Content is protected !!