- आगामी त्योहारों पर बढ़ेगी पुलिस गश्त, मानसून आपदा प्रबंधन के लिए पुलिस रहेगी रेडी मोड में; नशा तस्करी और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के आदेश, 22 पुलिसकर्मी सम्मानित
रुद्रपुर। पुलिस कार्यालय रुद्रपुर के सभागार में सोमवार, 24 अगस्त 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी एवं सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में जनपद के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, आगामी त्योहारों की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, नशा तस्करी और साइबर अपराध सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई।

गोष्ठी से पूर्व सम्मेलन में एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभागीय और व्यक्तिगत समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

आगामी त्योहारों पर संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी गश्त
एसएसपी अजय गणपति ने आगामी त्योहारों को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने और सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल खराब करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
साथ ही पीस कमेटियों और स्थानीय लोगों के साथ संवाद स्थापित कर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया गया।
मानसून आपदा प्रबंधन के लिए रेडी मोड में रहेगी पुलिस
मानसून के दौरान जलभराव, अत्यधिक बारिश और अन्य आपात परिस्थितियों को लेकर एसएसपी ने सभी अधिकारियों को राहत एवं बचाव उपकरण दुरुस्त और रेडी मोड में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में पुलिस का त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित होना चाहिए और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए।
लंबित विवेचनाओं में लापरवाही पर होगी जवाबदेही
लंबित अभियोगों और विवेचनाओं की थाना एवं क्षेत्रवार समीक्षा करते हुए एसएसपी ने इनके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित विवेचक की जवाबदेही तय करने तथा क्षेत्राधिकारियों को विवेचनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
ऑपरेशन प्रहार और ऑपरेशन लगाम को और प्रभावी बनाने के निर्देश
नशा तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने नशा तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहन जांच पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल बरामदगी और गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे तस्करी नेटवर्क तक पहुंच बनाई जाए।
अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और PIT-NDPS जैसी प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने तथा सक्रिय अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का होगा शत-प्रतिशत सत्यापन
अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जनपद में सघन सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके तहत किरायेदारों, घरेलू नौकरों, बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध लोगों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने तथा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
स्कूल-कॉलेजों में चलेंगे साइबर जागरूकता अभियान
साइबर अपराध की रोकथाम के लिए स्कूलों और कॉलेजों में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। आमजन को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ ही साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों में त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 22 पुलिसकर्मी सम्मानित
मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी के दौरान अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, लगन और उत्कृष्टता के साथ निर्वहन करने वाले 22 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एसएसपी अजय गणपति ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उत्कृष्ट पुलिसिंग और कर्तव्य के प्रति समर्पण को लगातार प्रोत्साहित किया जाएगा।
एसएसपी का स्पष्ट संदेश
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
