IMG-20261025-WA0098
  • एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली जसपुर पुलिस और SOG काशीपुर की संयुक्त कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार।
  • तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर ऊंचे दामों में बेचने का आरोप, इंस्टाग्राम के जरिए भी करता था ऑनलाइन बिक्री।

जसपुर। ऊधमसिंहनगर जिले के जसपुर में वन्यजीवों के अंगों की कथित तस्करी का मामला सामने आया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली जसपुर पुलिस और SOG काशीपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 114 जोड़े हत्था जोड़ी, जंगली सूअर का एक दांत, पांच मोती शंख और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया गया है। वन विभाग की टीम ने बरामद सामग्री की पहचान करते हुए संबंधित प्रजातियों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत संरक्षित बताया।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 अक्टूबर 2026 को जसपुर में शांति व्यवस्था और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस व SOG की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि राजपूत सभाभवन गेट के पास एक व्यक्ति कथित रूप से वन्यजीवों के अंग बेच रहा है।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन प्लास्टिक के डिब्बों के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान आकाश दीक्षित (32 वर्ष), निवासी मोहल्ला कटरा, थाना सहसवान, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी वार्ड नंबर 04, जसपुर के रूप में हुई।

400-500 रुपये में खरीदकर 4 से 5 हजार रुपये में बेचने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह हरिद्वार निवासी अमन से हत्था जोड़ी के जोड़े 400 से 500 रुपये में खरीदता था और लोगों को धन प्राप्ति, तंत्र-मंत्र तथा पूजा-पाठ के नाम पर 4,000 से 5,000 रुपये प्रति जोड़ा बेचता था। पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी इंस्टाग्राम आईडी divyapoojasamagri के माध्यम से ऑनलाइन बिक्री करता था।

वन विभाग ने की बरामद सामग्री की पहचान

कार्रवाई के दौरान वन क्षेत्राधिकारी जसपुर दक्षिणी रेंज अनुस्वार टम्टा और उनकी टीम को मौके पर बुलाया गया। वन विभाग की टीम ने बरामद सामग्री की पहचान की और बताया कि संबंधित प्रजातियां वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित हैं।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली जसपुर में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9/39/49A/50/51 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई

इस कार्रवाई में कोतवाली जसपुर से उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद और कांस्टेबल बिरेन्द्र दत्त सहित SOG काशीपुर प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील सुतेड़ी तथा टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। वन विभाग की ओर से रेंजर अनुस्वार टम्टा, वन दरोगा हरीश चन्द्र सिंह नयाल और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!