- लालकुआं पंतनगर के बीच देर रात भीषण सड़क हादसा
- एनएच-109 पर नगला दवाईफार्मा के पास कैंटर ने स्कूटी को मारी टक्कर
लालकुआं। राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर नगला दवाईफार्मा के पास देर रात तेज रफ्तार कैंटर और स्कूटी के बीच हुई भीषण भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, दो युवक स्कूटी संख्या यूके 04एएन5112 से लालकुआं से किच्छा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नगला दवाईफार्मा के पास कैंटर संख्या यूपी 25एटी 1983 ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार 21 वर्षीय चेतन बिष्ट, निवासी पश्चिमी दौलतपुर, काठगोदाम और 24 वर्षीय दीक्षित बिष्ट, निवासी भवाली, गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से चोटिल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
