- पुरानी रंजिश में कार से बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की मौत; वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद
जसपुर (ऊधम सिंह नगर)। सड़क दुर्घटना का रूप देकर हत्या की वारदात को छिपाने की कोशिश करने वाले दो शातिर आरोपियों को जसपुर पुलिस ने घटना के महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने जानबूझकर बाइक को टक्कर मारकर घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ठाकुरद्वारा चुंगी के पास खेड़ा रोड पर एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी है। मौके पर पहुंची पुलिस को नहर में गिरी मोटरसाइकिल मिली, जबकि घायल घटनास्थल पर नहीं मिले। अगले दिन मृतक नितिन कुमार के पिता बनारसी दास ने कोतवाली जसपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि यह सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में विशेष टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार जांच के बाद पुलिस ने 12 जुलाई को हाईवे पर घेराबंदी कर घटना में प्रयुक्त बलेनो कार (UP-21 DF-4379) सहित नामजद आरोपी पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू और जाकिर गुज्जर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि घटना वाले दिन उनका मृतक नितिन और उसके साथियों से विवाद हुआ था। इसके बाद गुस्से और प्रतिशोध में उन्होंने कार से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, एक आरोपी पुष्पेन्द्र चौहान के विरुद्ध पहले से भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है, जबकि दूसरे आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
